होली के दौरान दो लाख रेलवे टिकट हो जाएंगे निरस्त, यात्रियों के लिए जरूरी जानकारी

कोहरे की वजह से निरस्त ट्रेनों को अब दोबारा मार्च भर के लिए निरस्त करने से सबसे ज्यादा परेशानी होली पर घर आने और वापसी करने वाले यात्रियों को होगी। आठ मार्च से 12 मार्च तक 37 ट्रेनों के निरस्त होने से करीब दो लाख टिकट स्वत: निरस्त हो जाएंगे। ये दो लाख रिजर्वेशन कन्फर्म सीटों वाले थे। इसके अलावा करीब डेढ़ लाख यात्रियों ने वेटिंग टिकट कराया था। इन यात्रियों की भी परेशानियां बढ़ेंगी।


होली स्पेशल नाकाफी, होगी मारामारी
होली पर रेलवे आम तौर स्पेशल ट्रेनें चलाता है। कुछ ट्रेनें चलाने की घोषणा भी हो चुकी है। लेकिन नियमित ट्रेनों को निरस्त कर कुछ स्पेशल ट्रेनें चलाना नाकाफी साबित होगा। यात्रियों का कहना है कि पहले कोहरे की वजह से ट्रेनें निरस्त की गईं। जबकि इस बार अधिक कोहरा नहीं पड़ा।

अब एक बार फिर इन ट्रेनों का निरस्तीकरण आगे बढ़ाना समझ से परे है। रेलवे अपनी ट्रेनों को निरस्त कर यात्रियों की परेशानी बढ़ा रहा है। जबकि कारपोरेट सेक्टर की ट्रेनें देकर सुविधाओं के दावे हो रहे हैं। जो ट्रेनें चल रही हैं, होली के दिनों में उनके रिजर्व कोच में काफी परेशानियां होंगी। ये कोच भी होली के दौरान जनरल कोचों की तरह होंगे।